Followers

बृहस्पतिवार, 2 फरवरी 2012

एक गीत : परदेशी बेटे के नाम......

जो झूठे सपनों का सच था टूट गये वो सपने सारे
ऐसे सपन कहाँ जुड़ते हैं विधिना ही जब ठोकर मारे


कल लगता था आस-पास हो, आज लगा कि दूर हो गए
’डालर’ के पीछे क्यों बेटा ! तुम इतने मजबूर हो गए ?
अथक तुम्हारी भाग-दौड़ यह मृगतृष्णा से ज्यादा क्या है
गठरी में ही धूप बाँधने वाले थक कर चूर हो गए

सपनों की दुनिया में खोये भूल गये क्यों दुनिया का सच ?
जितनी लम्बी चादर थी क्यों उस से ज्यादा पांव पसारे ?

वो बादल अब हवा हो गए जिस पर हमने आस लगाई
बरसे जाकर अन्य ठौर पर मेरी प्यास नहीं बुझ पाई
फिर भी रहीं दुआयें लब पर मन में शुभ आशीष वचन है
जग वालों से कैसे मैने अन्तर्मन की बात छुपाई !

उन रिश्तों की डोरी कब की टूट चुकी थी पता नहीं था
जिन रिश्तों की कस्में खाते रहते थे तुम साँझ- सकारे

आने को कह गए न आए घर आंगन मन सूना खाली
माँ से पूछो कैसे बीती ’होली’ ’दशमी’ और ’दिवाली’
हाथों में कजरौटा लेकर बूढ़ी ममता सोच रही है -
क्यों न लगाया उस दिन तुमको काला टीका नज़रों वाली

अनजाने भय के कारण मन बार बार क्यों सिहर उठा है ?
सत्य विवेचन के दर्पण में जब जब हमने रूप निहारे

अपनी अपनी सीमाएं हैं पीढ़ी का टकराव नहीं है
संस्कॄति की अपनी गरिमा है यह मन का बहलाव नहीं है
पश्चिम आगे ,पूरब पीछे ,सोच सोच का फ़र्क है ,बेटा !
एक वृत्त के युगल-बिन्दु हैं आपस में अलगाव नहीं है

केवल धन पे जीना-मरना ही तो अन्तिम सत्य नहीं है
मूल्यों पर भी जी कर देखो ,पा जाओगे के सुख के तारे

जो झूठे सपनों का सच था..........


आनन्द.पाठक



3 comments:

Patali-The-Village ने कहा…

बहुत सुन्दर सार्थक प्रस्तुति। धन्यवाद।

मिश्री की डली ज़िंदगी हो चली ने कहा…

dil ko chune vali bahut prabhavi rachna ..bahut khoob

आनन्द पाठक ने कहा…

आ0
पतली-द-विलेज/मिश्री की डली ज़िन्दगी

अगर आप लोग अपना नाम (छ्द्म नाम ही सही) भी लिख देते तो आभार प्रदर्शन में सुविधा होती
खैर ....
उत्साह वर्धन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद
सादर
आनन्द.पाठक

अन्य पोस्टों को पढ़ने के लिये कृप्या नीचे बॉक्स में लिंक को किल्क करें :-